तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता के आवास को म्यूजियम में बदलने के लिए उसे अस्थायी तौर पर कब्जे में लेने का एक अध्यादेश जारी किया है। तत्कालीन कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम ने साल 2017 में जयललिता के आवास को म्यूजियम बनाने का ऐलान किया था।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुक्रवार को बताया कि इस अध्यादेश से राज्य सरकार को इस उद्देश्य के लिए जयललिता के नाम पर एक फाउंडेशन बनाने में मदद मिलेगी और इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी करेंगे। पलानीस्वामी ने अन्नाद्रमुक की दिवंगत नेता के पोएस गार्डन इलाके में स्थित ‘वेद निलयम’ आवास को म्यूजियम में बदलने की पहले घोषणा की थी।
इसमें कहा गया है, ‘‘वेद निलयम में फर्नीचर, किताबें, आभूषण आदि चल संपत्ति समेत इमारत तीन साल से अधिक समय से बिना इस्तेमाल के पड़ी है। इसलिए सरकार ने सभी अचल और चल संपत्ति को सरकार को तब तक देने का फैसला किया है जब तक इसके अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी न हो जाए।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘अत: तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने वेद निलयम और वहां चल संपत्तियों को अस्थायी तौर पर राज्य सरकार को देने और पुराची थलैवी डॉ. जे जयललिता मेमोरियल फाउंडेशन बनाने के लिए एक अध्यादेश जारी किया है।’’


Download Android App
Download iOS App



