तमिलनाडु के धर्मपुरी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। धर्मपुरी के पास बेंगलुरु जा रही कन्नूर-बेंगलुरु एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। दक्षिण रेलवे ने बताया कि ट्रेन पर पत्थर गिरने यह हादसा हुआ और सभी 2,000 यात्री सुरक्षित हैं तथा कोई घायल नहीं हुआ।
कन्नूर-बेंगलुरु एक्सप्रेस, केरल के कन्नूर से गुरुवार शाम 6:00 बजकर 5 मिनट पर रवाना हुई थी। दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “12 नवंबर को तड़के तीन बजकर 50 मिनट पर चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर गिर पड़े जिससे ट्रेन संख्या 07390 कन्नूर-बेंगलुरु एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। बेंगलुरु मंडल के (बेंगलुरु-सलेम सेक्शन) टोप्पुरु सिवादी पर यह हादसा हुआ।”

विज्ञप्ति में कहा गया, “सभी 2348 यात्री सुरक्षित हैं। कोई घायल नहीं हुआ।” मंडलीय रेलवे प्रबंधक (डीआरएम), बेंगलुरु श्याम सिंह समेत अधिकारियों का एक दल एक डॉक्टर के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। दल के साथ दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) और चिकित्सा उपकरण वैन भी मौके पर पहुंची। डीआरएम, सलेम के नेतृत्व में एक और दल इरोड से एआरटी के साथ पहुंचा। विज्ञप्ति में कहा गया कि वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



