अमेज़न प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘तांडव’ पर शुरू हुआ बवाल बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम लखनऊ से मुंबई के लिए रवाना हो गई है। 4 सदस्यीय पुलिस टीम वेब सीरीज डायरेक्टर और कलाकारों से पूछताछ करेगी। वेब सीरीज पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है। इस मामले में सूचना प्रसारण मंत्रालय भी नोटिस जारी कर चुका है।
इस मामले में वेब सीरीज के राइटर, डायरेक्टर और प्रोडूसर के खिलाफ लखनऊ में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो से स्पष्टीकरण मांगा है। इंडिया ओरिजिनल कंटेंट (अमेजन) की प्रमुख अपर्णा पुरोहित, डायरेक्टर अली अब्बास जफर, प्रोड्यूसर हिमांशु कृष्ण मेहरा, राइटर गौरव सोलंकी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हजरतगंज के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर 16 जनवरी को रिलीज हुई वेब सीरीज ‘तांडव’ को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जतायी है। थाने में रविवार रात दर्ज एफआईआर में कहा गया कि वेब सीरीज के पहले एपिसोड में हिंदू देवी-देवताओं का गलत चित्रण किया गया है जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसमें अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल भी किया गया है, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वेब सीरीज के निर्माता-निर्देशक, लेखक समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी वेब सीरीज ‘तांडव’ में हिंदू देवी-देवताओं का उपहास उड़ाने संबंधी शिकायतों का संज्ञान लिया है और अमेजन प्राइम वीडियो से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा है।


Download Android App
Download iOS App



