अगरतला : त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में रक्षाबंधन के एक दिन बाद राखी के नाम पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक छात्र ने स्कूल बिल्डिंग से छलांग लगाकर उस वक्त खुदकुशी करने की कोशिश की, जब उसके टीचर ने कथित रूप से उसकी गर्लफ्रेंड से हाथ पर राखी बंधवाने के लिए दबाव बनाया।
‘डेक्कन क्रॉनिकल’ को पुलिस ने बताया, ‘निजी स्कूल के प्रिंसिपल और कुछ टीचर्स ने सोमवार को दिलीप कुमार साहा और उसकी गर्लफ्रेंड को बुलाया। साथ में उनके मां-बाप भी बुलाए गए। गर्लफ्रेंड को साहा की कलाई पर राखी बांधने को कहा गया, जिसे दोनों ने नकार दिया। कुछ देर बाद साहा स्कूल बिल्डिंग के दूसरे माले पर गया और वहां से छलांग लगा दी।
घटना के तुरंत बाद साहा को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्कूल प्रशासन के विरोध में छात्रों और उसके अभिभावकों ने प्रदर्शन किया और इस घटना में शामिल टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



