तेलंगाना में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए बुधवार से 10 दिनों का लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया गया है। मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में प्रगति भवन स्थित उनके सरकारी आवास पर यह निर्णय लिया गया। लॉकडाउन के दौरान सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सभी गतिविधियों को छूट दी गई है। बैठक में कोरोना की वैक्सीन खरीदने के लिए ग्लोबल टेंडर आमंत्रित करने का फैसला भी लिया गया।
दोपहर 2 बजे कैबिनेट की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही यह घोषणा कर दी गई, क्योंकि तेलंगाना हाईकोर्ट को इस मामले की सुनवाई करनी थी। हाईकोर्ट ने कोविड के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी उपायों की कमी पर अपनी नाखुशी जताई थी। दिन में पहले सुनवाई के दौरान, अदालत ने रात के कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने में विफल रहने के लिए अधिकारियों की खिंचाई की थी। अदालत ने सरकार से पूछा था कि क्या वह कोविड की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नए उपायों की घोषणा करने से पहले रमजान तक इंतजार करेगी।
राज्य सरकार, जिसने रात्रि कर्फ्यू लगाया था, उसने अब तक आंशिक या पूर्ण लॉकडाउन लागू करने से इनकार कर दिया था। सरकार ने यह कहते हुए मना कर दिया था कि उपाय करने से संक्रमण को रोकने में कोई खास मदद नहीं मिलेगी। यह भी दावा किया गया था कि राज्य में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और वास्तव में नए कोविड मामलों में गिरावट शुरू हुई है।
पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस तरह के कदम से जीवन रुक जाएगा और इससे अर्थव्यवस्था का पतन होगा। हालांकि पिछले कुछ दिनों से सरकार पर दबाव बढ़ने के साथ, सरकार ने आखिरकार लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया है। दिशानिर्देश के साथ लॉकडाउन पर एक विस्तृत सरकारी आदेश बाद में दिन में जारी किए जाने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



