तेलंगाना : श्रीशैलम पनबिजली संयंत्र में आग लगने की घटना की जांच CID ने अपने हाथों में ली

Summary :

तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले में श्रीशैलम पनबिजली संयंत्र में 20 अगस्त को आग लगने की घटना की जांच शनिवार को अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने अपने हाथों में ले ली।

तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले में श्रीशैलम पनबिजली संयंत्र में 20 अगस्त को आग लगने की घटना की जांच शनिवार को अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने अपने हाथों में ले ली। घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। मृतकों में अधिकतर इंजीनियर थे।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी, गोविंद सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने अधिकारियों के एक दल के साथ शनिवार को दुर्घटनास्थल का मुआयना किया। सिंह ने कहा कि स्थानीय पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया था जिसे सीआईडी को सौंप दिया गया है।
भूमिगत संयंत्र के इलेक्ट्रिक पैनलों में आग लगने के बाद घने धुएं के कारण 12 घंटे तक बचाव अभियान बाधित था। शुक्रवार दोपहर तक नौ शव निकाले गए थे। अधिकारियों ने कहा था कि संयंत्र के भीतर फंसे लोग आग बुझाने के प्रयास में काल के गाल में समा गए।
इस हादसे में मारे गये दो इंजीनियर सुंदर नायक एवं पवन कुमार हाल में कोविड-19 से उबर कर आये थे। डिवीजनल इंजीनियर कुमार और सहायक इंजीनियर नायक हाल में कोरोना वायरस से संक्रमण मुक्त हुए थे। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को घटना की जांच सीआईडी से कराने का आदेश दिया था।

Desk Team