तेलगु फिल्म अभिनेत्री विजयाशांति एक बार फिर बीजेपी में शामिल हो गई हैं। उन्होंने एक दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। विजयाशांति ने 1990 के दशक में अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत बीजेपी से ही की थी और बाद में अन्य पार्टियों से जुड़ गई थीं।
विजयाशांति 80 और 90 के दशक में तेलुगू फिल्मों की सफल अभिनेत्री थीं। उन्होंने हिंदी की भी कई फिल्मों में अभिनय किया है। विजयाशांति पार्टी मुख्यालय में महासचिव अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बांदी संजय कुमार की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुईं।
विजयाशांति बीजेपी छोड़ने के बाद वह टीआरएस और कांग्रेस में शामिल हो गई थीं। 54 वर्षीय विजयाशांति संसद सदस्य भी रह चुकी हैं। वह अलग तेलंगाना राज्य के लिए हुए आंदोलन से भी जुड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ टीआरएस नए राज्य के लोगों के सपनों को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव नीत सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है।
बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनावों में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद तेलंगाना में अपनी संभावनाओं को लेकर आश्वस्त है। इससे पहले उसने डबका विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में टीआरएस पर जीत हासिल कर लोगों को चौंका दिया था। हाल ही में पार्टी ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है।


Download Android App
Download iOS App



