मुख्य सचिव ने लेख प्रकाशित कराने से पहले अनुमति नहीं ली थी : पी विजयन

Summary :

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने बुधवार को यहां कहा कि मुख्य सचिव टॉम जोस ने पुलिस द्वारा चार संदिग्ध माओवादियों को मार गिराने का बचाव करने वाला लेख प्रकाशित कराने से पहले सरकार से इजाजत नहीं ली थी।

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने बुधवार को यहां कहा कि मुख्य सचिव टॉम जोस ने पुलिस द्वारा चार संदिग्ध माओवादियों को मार गिराने का बचाव करने वाला लेख प्रकाशित कराने से पहले सरकार से इजाजत नहीं ली थी। विजयन ने विधानसभा में इस बाबत बयान दिया है। 
जोस ने सत्तारूढ़ एलडीएफ में दूसरे सबसे बड़े साझेदार भाकपा के खिलाफ ऐसे वक्त में लेख प्रकाशित कराके विवाद खड़ा कर दिया है जब विधानसभा का सत्र चल रहा है। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस ने उन पर हमला बोला। यह मुद्दा मंगलवार को सदन में भी उठाया गया था। यह मामला जब बुधवार को विधानसभा में आया तो, मुख्यमंत्री ने कहा कि जोस ने सरकार की इजाजत नहीं ली थी और लेख में उन्होंने अपनी निजी राय व्यक्त की है। 
विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने यह जानना चाहा कि क्या सरकार मुख्य सचिव के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी? भाकपा के राज्य सचिव के राजेंद्र ने कहा कि मुख्य सचिव का कदम अदालत की अवमानना के समान है और यह सरकार पर है कि वह अफसर के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय करे। पलक्कड़ जिले में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में चार संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया था। 

Desk Team