कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जनता दल (सेक्यूलर) गठबंधन सरकार की स्थिरता को लेकर लगाए जा रहे कयासों को विराम देने के तहत मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने अपने मंत्रिमंडल में विस्तार करने का फैसला किया है। श्री कुमारस्वामी अपने मंत्रिमंडल में दो निर्दलीय और एक कांग्रेसी विधायक को शामिल कर सकते हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने राज्यपाल वाजूभाई वाला से मुलाकात कर मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए 12 जून का समय मांगा है। सूत्रों के मुताबिक रानेबेन्नुर से निर्दलीय विधायक आर शंकर और मुलाबागिलू से विधायक नागेश को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है।
मंत्रिमंडल में जनता दल (सेक्यूलर) के पास दो कोटे हैं और उसने सरकार बचाने के लिए यह दो निर्दलीय विधायकों और एक कांग्रेस के विधायक को देने का फैसला किया है।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद राज्य में मौजूदा गठबंधन सरकार पर संकट के बादल छा गए हैं। श्री कुमारस्वामी बगावती गुटों का नेतृत्व कर रहे रमेश जरकिहोली को मंत्रिमंडल में शामिल करना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक यदि श्री जारकिहोली मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होते हैं तो बी सी पाटिल को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। जनता दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले एच विश्वनाथ भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



