हैदराबाद : तेलंगाना में लोकसभा चुनाव के चौंकाने वाले नतीजे सामने आये हैं और आगामी विधान परिषद के चुनाव के बाद टीआरएस इस संबंध में विस्तृत समीक्षा करेगी। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मीडियाकर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मामूली अंतर से दो सीटें जीती हैं। उन्होंने कहा कि नतीजे टीआरएस के लिये झटका नहीं हैं।
टीआरएस ने तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटों में से नौ पर जीत हासिल की जबकि उसकी सहयोगी एआईएमआईएम ने अपनी एकमात्र सीट (हैदराबाद) को बरकरार रखा।
कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत हासिल की जबकि भाजपा ने आश्चर्यजनक रूप से चार सीटों पर जीत दर्ज की। टीआरएस ने पिछले साल राज्य विधानसभा की कुल 119 सीटों में से 88 पर जीत दर्ज की थी।
पार्टी प्रमुख एवं राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के बेटे रामा राव ने कहा कि भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ने का एक मुख्य कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को किसी पार्टी के समर्थन की जरूरत नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



