मौसम ने करवट ले ली है। देश के अधिकांश हिस्से में अच्छी-खासी ठंड होने लगी है। पश्चिम बंगाल में भी इस समय खूब ठंड हो रही है। राज्य में मौसम शुष्क है, और बारिश की भी संभावना नहीं है, जिससे अभी तापमान में गिरावट की कम उम्मीद है।
एक सप्ताह के दौरान मौसम रहेगा शुष्क
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता के प्रमुख डॉ. सोमनाथ दत्ता ने कहा, “अभी के मौसम की स्थिति और आने वाले कुछ दिनों के बारे में अगर हम बात करें तो, खासकर दक्षिण बंगाल में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। वर्तमान में न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, और इसमें कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन दो डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।”
घना कोहरा होने की संभावना
उन्होंने आगे कहा, “दक्षिण बंगाल और बंगाल के अन्य हिस्सों में अगले 24 घंटों में हल्के से मध्यम घना कोहरा (फॉग) होने की संभावना है, खासकर पश्चिम वर्धमान, बांकुरा, पश्चिम मिदनापुर, पूर्व वर्धमान जिलों में। अगले 72 घंटों में इन जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर हो सकता है। इसके अलावा, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और अन्य कुछ इलाकों में भी हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, खासकर अगले 24 घंटे में।”
न्यूनतम तापमान में किसी भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं
उन्होंने कहा, “अगले 72 घंटे में दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी हल्का से मध्यम कोहरा हो सकता है। इन जिलों में कोहरे का असर सुबह के समय और अगले कुछ घंटों में हो सकता है। न्यूनतम तापमान में किसी भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, और यह एक डिग्री सेल्सियस के भीतर ही रहेगा। इस मौसम में दक्षिण बंगाल में शुष्क मौसम रहेगा और हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना होगी, लेकिन तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।”


Download Android App
Download iOS App



