चक्रवाती तूफान ‘निसर्ग’ महाराष्ट्र के पालघर और मुंबई के समुद्र तट से कुछ ही देर में टकराने वाला है। चक्रवात के टकराने से पहले यहां हवाएं तेज हो गई है। हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है। तूफान ने रायगढ़ में लैंडफॉल किया है। तेज हवाओं के कारण रायगढ़ में कई पेड़ उखड़ गए है।
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में अलीबाग के निकट चक्रवात ‘निसर्ग’ के पहुंचने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है, और तीन घंटे में प्रक्रिया पूरी हो जाने की संभावना है। पूरे इलाके में भारी बारिश और तेज हवाएं जारी हैं। तूफान गंभीर रूप धारण कर सकता है। दोपहर 3 बजे तक 120 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान समुद्र तट से टकरा सकता है।
‘निसर्ग’ के गुजरात पहुंचने से पहले NDRF के 13 दल तैनात
चक्रवाती तूफान ‘निसर्ग’ के गुजरात पहुंचने से पहले वलसाड और नवसारी जिलों के तटीय इलाकों में रहने वाले करीब 43,000 लोगों को वहां से हटा कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य सरकार ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के 13 दल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के छह दलों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

सरकार ने कहा कि एनडीआरएफ के पांच और बलों को बुलाया गया है। वलसाड के कलेक्टर आर. आर. रवाल ने कहा, ‘‘ हमने अभी तक तटीय इलाकों पर रहने वाले करीब 32,000 लोगों को अस्थायी आश्रय गृहों में भेजा है। अभी बादल छाए हैं लेकिन हवा चलनी अभी शुरू नहीं हुई है।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि नवसारी जिले के विभिन्न गांवों से करीब 11,000 लोगों को निकाला गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात के गुजरात के तट पर ना पहुंचने का भी संकेत दिया है और कहा है कि राज्य के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश के साथ इसका असर जरूर दिखेगा।


Download Android App
Download iOS App



