पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के तीन कार्यकर्ताओं को अरेस्ट किया है। उन्हें सोशल मीडिया पर उस वीडियो के प्रसारित होने के बाद गिरफ्तार किया गया है, जिसमें वे एक महिला के साथ सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। 28 अगस्त को हुई इस घटना को लेकर बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक, महिला ने मनसे के स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा मध्य मुंबई के कमाठीपुरा इलाके में उसकी दुकान के सामने एक विज्ञापन बोर्ड लगाने के लिए खंभा स्थापित करने पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
वही, एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के एक स्थानीय पदाधिकारी विनोद अर्गिल और पार्टी के दो अन्य कार्यकर्ताओं को अधेड़ उम्र की एक महिला को थप्पड़ मारते, उसे धक्का देते और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है। अधिकारी के अनुसार, वीडियो के सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 323 (हमला), 506 (आपराधिक धमकी) और 509 (महिला का शील भंग करने का इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पार्टी प्रमुख राज ठाकरे दे सकते है बयान
बता दें , उन्होंने बताया कि आरोपियों को बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने घटना को लेकर मनसे पर निशाना साधा है। राकांपा प्रवक्ता महेश तापसे ने एक बयान जारी कर कहा, “यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे को घटना पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।”


Download Android App
Download iOS App



