रविवार केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में कुछ समर्थक ने गलत नारे लगाए जिस वजह से कोलकाता पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि उसने रैली में जाते समय कथित रूप से ”देश के गद्दारों को, गोली मारो…” नारे लगाने वाले भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”भड़काऊ नारे लगाने की यह हरकत भाजपा समर्थकों ने की थी। यह संज्ञेय अपराध है।” आरोपियों ने रैली स्थल शहीद मीनार मैदान में जाते समय एस्प्लेनेड मार्ग पर मैदान बाजार से गुजरते समय नारेबाजी की थी।
अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति ने रविवार को नया बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर इन तीनों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान ध्रुव बसु, पंकज प्रसाद और सुरेन्द्र कुमार तिवारी के रूप में हुई है। उन्हें रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया।
IPS अधिकारी ने कहा,”उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की दो गैर-जमानती धाराओं समेत चार धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा” ।
यह घटना सामने आने के बाद रविवार को भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई की तीखी आलोचना हुई थी। हालांकि भाजपा नेताओं ने इस घटना में पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता की संलिप्तता से इनकार करते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस की कारस्तानी बताया था।


Download Android App
Download iOS App



