तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरूप विश्वास ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभ चुनाव जीतने पर अधिक ध्यान लगाकर कोविड-19 की दूसरी लहर की अनदेखी की जिसके फलस्वरूप देश में कोरोना वायरस की स्थिति बिगड़ी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार में दिशादृष्टि का अभाव है और उसने संक्रमण की दूसरी लहर का मुकाबला करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया फलस्वरूप, ‘ देश मौत की शैय्या में तब्दील हो गया।’’ राज्य के विद्युत मंत्री विश्वास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ भाजपा अपने तात्कालिक एजेंडे से परे सोचती ही नहीं है।
किसी भी राज्य में चुनाव जीतने के लिए उसने दूसरी लहर की चेतावनी पर ध्यान ही नहीं दिया। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री इन महीनों में पश्चिम बंगाल चुनाव जीतने पर अधिक ध्यान लगा रहे थे।’’
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार सभी संभावित कदम उठाकर पश्चिम बंगाल में इस महामारी से संभलने के लिए यथासंभव प्रयास कर रही है। विश्वास ने बंगाल में टीका विनिर्माण इकाई नहीं लगाने को लेकर भी केंद्र की आलोचना की। ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में ऐसी इकाई लगाने का अनुरोध किया था।


Download Android App
Download iOS App



