कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (तृकां) ने सोशल मीडिया में कथित तौर पर उस फर्जी सदस्यता कार्ड को जारी करने के लिये भारतीय जनता पार्टी की मंगलवार को आलोचना की, जिसमें पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का नाम दर्ज है।
पार्टी महासचिव पार्थ चटर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि तृकां, बनर्जी की छवि खराब करने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त और उचित कदम उठायेगी। उन्होंने फर्जी सदस्यता कार्ड का एक प्रिंटआउट दिखाया, जिसमें बाईं ओर बनर्जी की तस्वीर है। इसमें सदस्य के नाम के रूप में ममता बनर्जी दर्ज है और राज्य का नाम पश्चिम बंगाल लिखा है।
इस कार्ड पर बड़े अक्षर में भारतीय जनता पार्टी लिखा है, और उसका लोगो भी अंकित है। इस फर्जी सदस्यता कार्ड के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए, चटर्जी ने कहा कि भगवा पार्टी ने घटिया सस्ते कृत्यों का सहारा लिया। भाजपा लोगों को गुमराह करने और तृकां के कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने के लिये परेशानी पैदा कर रही है, जो लोकतंत्र के लिये अशुभ संकेत हैं। उन्होंने कहा कि तृकां पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराएगी।


Download Android App
Download iOS App



