कांग्रेस का Twitter अकाउंट ब्लॉक होने पर बोली TMC-‘क्या इसका संबंध BJP की नीतियों का विरोध करने से है’

Summary :

टीएमसी ने कांग्रेस के खिलाफ ट्विटर की कार्रवाई की निंदा करते हुए सवाल किया कि क्या इसका संबंध बीजेपी की राजनीति और नीतियों का विरोध करने से है।

ट्विटर ने कांग्रेस का अकॉउंट ब्लॉक कर दिया है, इससे पहले ट्विटर राहुल गांधी समेत पार्टी के कई नेताओं पर भी ऐसी ही कार्रवाई कर चुका है। टीएमसी ने कांग्रेस के खिलाफ ट्विटर की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए सवाल किया कि क्या इसका संबंध बीजेपी की राजनीति और नीतियों का विरोध करने से है।
टीएमसी के राज्यसभा सदस्य डेरेक ‘ओ’ ब्रायन ने ट्वीट किया, ‘‘ट्विटर और ट्विटर इंडिया, क्या चल रहा है? हम कांग्रेस और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट को ब्लॉक करने की कड़ी निंदा करते हैं।’’ टीएमसी की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव कुणाल घोष ने कहा कि यह खतरनाक प्रवृत्ति है। 


उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब है कि अब से बीजेपी सोशल मीडिया मंचों को भी नियंत्रित करेगी। वे यह भी तय करेंगे कि कौन ट्वीट कर सकता है और कौन नहीं। यह देखना होगा कि क्या कांग्रेस के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का संबंध भाजपा की राजनीति और उसकी नीतियों के उसके विरोध से है।’’

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा कि पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट और उसके शीर्ष नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के करीब 5,000 अकाउंट इस माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने ब्लॉक कर दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि उसके संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव अजय माकन, जितेंद्र सिंह, सांसद मणिकम टैगोर, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव और कई अन्य नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक किए गए हैं। 
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट लॉक किया गया था।

Desk Team