झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार रात एक ट्रेन की चपेट में आकर कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। जामताड़ा अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मुजीबुर रहमान ने मीडिया को बताया कि दुर्घटना जामताड़ा जिले के कलझरिया इलाके के पास हुई। रहमान ने कहा, ‘‘अब तक दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।”
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना रात करीब सात बजे हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पूर्वी रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘ईआर (पूर्वी रेलवे) के आसनसोल डिवीजन में रात सात बजे विद्यासागर-कासितार के बीच गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 (अंग एक्सप्रेस) ‘चेन खींचने’ के कारण रुक गई। इसके बाद, रात सात बजकर सात मिनट पर पटरी पर चल रहे दो लोग मेमू ट्रेन की चपेट में आए गए। दुर्घटनास्थल जहां ट्रेन रुकी थी, उससे कम से कम दो किलोमीटर दूर है।” इसने कहा कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। आसनसोल के मंडल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) चेतना नंद सिंह ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति अंग एक्सप्रेस के यात्री नहीं थे।


Download Android App
Download iOS App



