त्रिपुरा के धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा क्षेत्रों में सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवारों ने CPI(M) प्रतिद्वंद्वियों को अच्छे अंतर से हराकर जीत हासिल की है। चुनाव अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भाजपा ने बॉक्सानगर सीट CPI(M) से छीन ली और धनपुर सीट बरकरार रखी। दोनों विधानसभा क्षेत्र कभी वाम दलों के गढ़ थे। बता दें कि CPI(M) इंडिया गठबंधन का सदस्य है।
चुनाव अधिकारियों ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार तफज्जल हुसैन ने बॉक्सानगर में 34,146 हासिल कर 30,237 वोटों के अंतर से जीत हासिल की और अपने CPI(M) प्रतिद्वंद्वी मिज़ान हुसैन को हराया, जिन्हें केवल 3,909 वोट मिले। धनपुर निर्वाचन क्षेत्र में भगवा पार्टी के उम्मीदवार बिंदू देबनाथ (30,017 वोट) ने CPI(M) के कौशिक चंदा (11146 वोट) को 18871 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।
सेपाहिजाला जिले के सोनामुरा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के दो केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा उपायों के तहत शुक्रवार सुबह शुरू हुई वोटों की गिनती, बॉक्सानगर और धनपुर दोनों सीटों पर छह राउंड की गणना के बाद पूरी हो गई है। उपचुनाव मंगलवार को हुए थे और मतदान प्रतिशत 86.56 प्रतिशत रहा। 93,495 मतदाताओं ने मतदान किया था।


Download Android App
Download iOS App



