प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध मधुर हुए हैं। यह बात त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा की मोदी सरकार के दौरान भारत और बांग्लादेश के संबंध मधुर हुए हैं और इस बेहतर रिश्ते से सबसे ज्यादा उनके प्रदेश को फायदा हुआ है।
मुख्यमंत्री देब ने गुरुवार को एक दो दिवसीय पर्यटन महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साल दोनों देशों के बीच हुए समझौतों से राज्य के व्यापार और वाणिज्य क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि चट्टगांव बंदरगाह (बांग्लादेश में) तक पहुँच के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर समझौते से पूर्वोत्तर से माल परिवहन की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
इसके अलावा अगरतला-अखौरा रेल लाइन के अगले साल चालू होने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा और बांग्लादेश के बीच हवाई संपर्क स्थापित करने में भी रुचि दिखाई है। बांग्लादेश के सांसद अब्दुस शाहिद इस समारोह में विशेष अतिथि थे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध दिन-प्रतिदिन मधुर होते जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



