महाराष्ट्र के पालघर जिले की एक अदालत ने अपनी सह-अभिनेत्री तुनिषा शर्मा को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार अभिनेता शीजान खान को शनिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शनिवार को खान की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें वसई की एक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। शुक्रवार को अभिनेता की पुलिस हिरासत एक दिन और बढ़ा दी गई थी। मजिस्ट्रेट ने खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अभिनेत्री को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में खान (27) को पालघर जिले की वालिव पुलिस ने 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीवी सीरियल ‘अली बाबा : दास्तान-ए-काबुल’ में अभिनय कर रहीं 21 वर्षीय शर्मा 25 दिसंबर को वसई के पास शो के सेट पर वॉशरूम में फांसी के फंदे से लटकी मिली थीं।
शर्मा की मां ने आरोप लगाया है कि खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और उसका ‘इस्तेमाल’ किया। उन्होंने यह भी दावा किया है कि टेलीविजन धारावाहिक जिसका वे दोनों हिस्सा थे, उसके सेट पर खान ने उनकी बेटी को थप्पड़ मारा था और वह शर्मा को उर्दू पढ़ा रहा था तथा चाहता था कि वह हिजाब पहने।


Download Android App
Download iOS App



