गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमित दो लोगों की जान जाने से राज्य में मृतक संख्या 30 हो गई। वहीं 56 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमित मामले 695 हो गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि वायरस से वड़ोदरा की 14 वर्षीय लड़की और सूरत की 45 वर्षीय महिला की जान चली गई।
लड़की को कोई मानसिक विकार था और महिला को उच्च रक्तचाप की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 56 नए मामलों में से 42 अहमदाबाद, छह सूरत और वड़ोदरा-पंचमहल के तीन-तीन मामले हैं। इस बीच, गुजरात पुलिस ने सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस और लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों से निपटने के लिए एक नई पहल की है।
गुजरात पुलिस कोरोना वायरस और लॉकडाउन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और नफरत भरे संदेशों पर नजर रखने के लिए अहमदाबाद और सूरत में साइबर स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी अपराध, शमशेर सिंह ने बताया कि दो सप्ताह से भी कम समय में 800 आईटी , कम्प्यूटर और फोरेंसिक साइंस विशेषज्ञों सहित 5000 से अधिक लोगों ने आवेदन दिया है।
सिंह ने कहा, ‘‘ मौजूदा स्थिति में, सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और नफरत भरे संदेशों के मद्देनजर ये स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये स्वयंसेवक ऐसे मामलों का पता लगाएंगे और अपराधियों के खिलाफ हमें कार्रवाई करने में मदद करेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



