महाराष्ट्र के सतारा में कम तीव्रता के भूकंप के दो झटके

Summary :

सतारा जिले में भूकंप का पहला झटका सुबह सात बजकर 47 मिनट पर महसूस किया गया जबकि दूसरा झटका आठ बजकर 27 मिनट पर आया।

महाराष्ट्र के सतारा जिले में गुरुवार सुबह 4.8 और 3.0 तीव्रता वाले भूकंप के दो झटके महसूस किये गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सतारा जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक जान-माल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि भूकंप महसूस होने पर कुछ इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। 
भारतीय मौसम विभाग के यहां स्थित केंद्र के एक अधिकारी ने कहा कि पुणे से करीब 120 किलोमीटर दूर सतारा जिले में भूकंप का पहला झटका सुबह सात बजकर 47 मिनट पर महसूस किया गया जबकि दूसरा झटका आठ बजकर 27 मिनट पर आया। 
उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे झटके के लिये भूकंप का केंद्र जमीन के क्रमश: 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। पुणे स्थित भूगर्भशास्त्री अरुण बापट ने कहा, ‘‘लोगों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि दोनों भूकंप कम तीव्रता के थे।’’ 

Desk Team