महाराष्ट्र सरकार ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के एक नए प्रकार (स्ट्रेन) के फैलने की बढ़ती आशंकाओं के बीच एहतियाती कदम उठाते हुए राज्य के नगर निगम क्षेत्रों में 22 दिसम्बर से पांच जनवरी तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने की सोमवार को घोषणा की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यहां ब्रिटेन में सामने आई स्थिति के मद्देनजर एक बैठक की। इसमें कहा गया है कि बैठक में एहतियाती कदम के रूप में नगर निगम क्षेत्रों में 22 दिसम्बर से पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाये जाने का फैसला किया गया।
बयान में कहा गया है कि यूरोपीय और पश्चिम एशियाई देशों से राज्य के हवाई अड्डों पर पहुंचने वाले लोगों को 14 दिनों के लिये संस्थागत पृथक-वास में भेजने का भी फैसला किया गया। इसमें कहा गया है कि अन्य देशों से महाराष्ट्र आने वाले यात्रियों को घरों में पृथक-वास में रहना होगा।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर ब्रिटेन में हाहाकार मचा हुआ है। भारत सहित करीब एक दर्जन देशों ने ब्रिटेन के साथ हवाई सेवाएं स्थगित कर दी हैं। वहीं दूसरी ओर डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के साथ-साथ डेनमार्क, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इटली में नए कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



