मुंबई स्थित एयर इंडिया भवन को खरीद सकती है उद्धव सरकार, बातचीत का दौर शुरू

Summary :

एयर इंडिया के मुख्य प्रबंधन अधिकारी (सीएमजी) राजीव बंसल के साथ इमारत के मूल्यांकन पर चर्चा की। बुधवार को संपर्क करने पर कुंटे ने कहा कि बातचीत चल रही है।

देश की जाने-मानी एयरलाइन कंपनी पिछले काफी समय से घाटे का सौदा बनी हुई है। केंद्र सरकार की इस मसले पर काफी किरकिरी हुई। लेकिन अब महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई शहर के नरिमन प्वाइंट इलाके में स्थित प्रसिद्ध एयर इंडिया भवन को महाराष्ट्र सरकार द्वारा खरीदने की संभावनना तलाशी जा रही है। 
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे ने मंगलवार को एयर इंडिया के मुख्य प्रबंधन अधिकारी (सीएमजी) राजीव बंसल के साथ इमारत के मूल्यांकन पर चर्चा की। बुधवार को संपर्क करने पर कुंटे ने कहा, ”बातचीत चल रही है। कर्ज में डूबी एयर इंडिया ने 23 मंजिला इमारत की बिक्री के लिए 2018 में निविदा जारी की थी लेकिन निविदा को सही प्रतिक्रिया नहीं मिली। यह इमारत सरकारी जमीन पर बनी हुई है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि एयर इंडिया के अधिकारियों ने कुंटे को बताया कि इमारत का उनका आंतरिक मूल्यांकन 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके बाद कुंटे ने उन्हें इसे राज्य सरकार के साथ साझा करने के लिए कहा। मंगलवार को बैठक में भाग लेने वाले एक अधिकारी ने कहा,  एयर इंडिया की इमारत पुरानी हो गई है। किसी निजी पार्टी को पूरे ढांचे को ध्वस्त करना होगा। 
हम कुछ सरकारी कार्यालयों को जगह देने के साथ इसका आठ से दस वर्ष तक इस्तेमाल कर सकते हैं। इमारत की कीमत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक नहीं हो सकती है। इसकी वास्तविक लागत केवल रणनीतिक स्थान और भूमि की लागत होगी।

Desk Team