दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ी खुशखबरी, आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में श्रेयस अय्यर करेंगे वापसी

Summary :

दिल्ली कैपिटल्स टीम के लिए आईपीएल 2021 के दूसरे चरण से शुरू होने वाले खेल से पहले टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है।

दिल्ली कैपिटल्स टीम के लिए आईपीएल 2021 के दूसरे चरण से शुरू होने वाले खेल से पहले टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। दरअसल, भारत के प्रतिभाशाली बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी  ने प्रतिस्पर्धी मैचों में वापसी करने के लिये पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया है और वह इंडियन प्रीमियर लीग के 19 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे चरण में खेलने के लिये तैयार हैं।
अय्यर फिर से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे जिसने उनकी अगुवाई में 2020 में पहली बार फाइनल में जगह बनायी थी। उनके चोटिल होने के बाद 2021 में ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी की थी। आईपीएल को जैव सुरक्षित वातावरण में कोविड-19 के मामले पाये जाने के कारण बीच में स्थगित कर दिया गया था। 26 वर्षीय अय्यर ने अभी तक भारत की तरफ से 22 वनडे और 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में 23 मार्च को एकदिवसीय मैच के दौरान उनका कंधा खिसक गया था जिसका उन्हें ब्रिटेन में आपरेशन करवाना पड़ा था।
बीसीसीआई सूत्रों ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा- हां, एनसीए ने श्रेयस को फिटनेस प्रमाणपत्र दे दिया है। वह एक सप्ताह तक बेंगलुरू स्थित एनसीए में रहे और कुछ दिन पहले ही उनकी फिटनेस का आकलन किया गया। चिकित्सा और शारीरिक मानदंडों को परखने के बाद वह अब मैचों में खेलने के लिये तैयार हैं।
उन्होंने कहा, उन्हें बेहतर समय में फिटनेस प्रमाणपत्र मिला है क्योंकि भारत को दो महीने में टी20 विश्व कप में खेलना है। अय्यर की वापसी से भारतीय टी20 टीम में मध्यक्रम में अधिक विकल्प मौजूद हो गये हैं लेकिन अभी दिल्ली कैपिटल्स के प्रबंधन पर निगाह टिकी है कि वह आईपीएल में टीम की कप्तानी किसे सौंपता है।

Desk Team