शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने फसल बीमा कंपनियों से किसानों का मुआवजा 15 दिन के भीतर देने को कहा है। किसानों के मुआवजे का भुगतान नहीं होने के विरोध में ठाकरे ने बांद्रा स्थित अपने आवास ‘मातोश्री’ से एक फसल बीमा कंपनी के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) तक विरोध प्रदर्शन किया।
ठाकरे के साथ इस विरोध प्रदर्शन में उनके बेटे एवं शिवसेना की युवा इकाई के प्रमुख आदित्य ठाकरे और पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे तथा अन्य मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। बीमा कंपनी के बीकेसी कार्यालय पहुंचकर ठाकरे ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि किसानों की कर्ज माफी की अर्जी और फसल के क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजे के लंबित दावों का भुगतान बीमा कंपनियों को 15 दिन के भीतर कर देना चाहिए।
ठाकरे ने कहा, ‘‘हम इन किसानों का उगाया अन्न खाते हैं। यह रैली उनकी समस्या पर और उसका समाधान तलाशने के लिए है।’’ उन्होंने विपक्षी कांग्रेस और राकांपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा,‘‘कुछ ने इस रैली को स्वांग बताकर इसकी आलोचना की थी। ये वही लोग हैं जो किसी काम के नहीं हैं क्योंकि इन्होंने किसानों के मुद्दों को हल नहीं किया है।’’
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वादेत्तिवार ने फसल बीमा कंपनियों के खिलाफ शिवसेना के विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा को विधानसभा चुनाव के पहले की ‘नौटंकी’’ करार दिया था। उन्होंने शनिवार को कहा था कि शिवसेना राज्य में बीजेपी नीत गठबंधन सरकार में होने के बावजूद विपक्ष की भूमिका निभाने की कोशिश कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



