अहमदाबाद पहुंचे UK के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने साबरमती आश्रम में चलाया चरखा

Summary :

अहमदाबाद शहर पहुंचे बोरिस जॉनसन ने आज साबरमती आश्रम का दौरा किया। इससे पहले एयरपोर्ट से लेकर चार किलोमीटर तक उनका भव्य स्वागत किया गया।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए भारत में मौजूद है। प्रधानमंत्री जॉनसन ने अपनी यात्रा की शुरुआत गुजरात से की। अहमदाबाद शहर पहुंचे बोरिस जॉनसन ने आज साबरमती आश्रम का दौरा किया। इससे पहले एयरपोर्ट से लेकर चार किलोमीटर तक उनका भव्य स्वागत किया गया। 
ब्रिटिश पीएम ने साबरमती आश्रम पहुंचकर बापू के चित्र पर माल्यार्पण किया। उसके बाद चरखा चलाकर सूत काता। यहां की विजिटर बुक में जॉनसन ने लिखा- “इस असाधारण व्यक्ति के आश्रम में आना एक बहुत बड़ा सौभाग्य है। यह समझने के लिए कि कैसे उन्होंने सच्चाई और अहिंसा के ऐसे सरल सिद्धांतों को बेहतर बनाने के लिए दुनिया को बदलने के लिए प्रेरित किया।” 
Image
इस दौरान जॉनसन के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को  साबरमती आश्रम के तरफ से महात्मा गांधी की शिष्या मेडेलीन स्लेड उर्फ मीराबेन की ऑटोबायोग्राफी ‘द स्पिरिट्स पिलग्रिमेज’ गिफ्ट की गई। यह किताब महात्मा गांधी की दो किताबों में से एक है, जो कभी पब्लिश नहीं हुई। 
PM मोदी से कल होगी ब्रिटिश PM जॉनसन की मुलाकात
गुजरात में ब्रिटिश पीएम जॉनसन आज निवेशकों से बैठक करेंगे तथा राज्य के आद्योगिक स्थल का भी दौरा करेंगे। इसके अलावा कल वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी। मुलाकात के दौरान दोनों प्रधानमंत्री रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध पर भी चर्चा कर सकते हैं। 

Desk Team