युवक की हत्या के मामले में मामा-भांजा गिरफ्तार

Summary :

कोतवाली लक्सर क्षेत्र के अकोढा कलां गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी मामा-भांजे हैं।

हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी)ः कोतवाली लक्सर क्षेत्र के अकोढा कलां गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी मामा-भांजे हैं। बताया जा रहा है कि अवैध संबंधों के शक के चलते युवक की हत्या की गई थी। फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
बता दें कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र के अकोढा कलां गांव निवासी विशाल की ओसपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में उसके चाचा जगबीर के साले रजनीश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय लोगों के समझाने बुझाने के बाद दोनों पक्ष अकोढा कलां गांव वापस लौट आए। शाम के समय विशाल अपने स्वजनों के साथ अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान नशे की हालत में उसका रिश्ते का मामा रजनीश उसके घर पहुंचा और तमंचा निकालकर विशाल के सिर पर गोली मार दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जबकि गोली लगते ही विशाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उसके बाद विशाल के भाई सुगम चौधरी ने अपने रिश्ते के मामा रजनीश पुत्र नाथीराम निवासी सिरसका थाना नकुड जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश व अपने चाचा जगबीर और चचेर भाई रितिक पर मिलकर उसके भाई विशाल की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी थी।
बीते दिन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने हत्या में शामिल रजनीश और रितिक नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक विशाल के अपनी चाची के साथ अवैध संबंध थे। अवैध संबंधों के शक में चाची के भाई रजनीश और उसके भांजे ऋतिक ने मिलकर विशाल की हत्या का प्लान किया था। प्लान के तहत विशाल की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के रिश्ते के मामा रजनीश व उसके भांजे ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

Ujjwal Jain