आंध्र प्रदेश में सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे। हालांकि केंद्र सरकार ने अनलॉक 5.0 के तहत बृहस्पतिवार से इन्हें आधी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दे दी है। फिल्म प्रदर्शकों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे मुख्य रूप से रखरखाव की लागत समेत अन्य मुश्किलों की वजह से इन हॉल को नहीं खोल पाएंगे। आर्थिक बोझ के अलावा, नई फिल्में भी कम हैं जिस वजह से सिनेमा हॉल मालिक उन्हें खोलने से बच रहे हैं। लॉकडाउन की वजह से फिल्म की शूटिंग नहीं होने की वजह से तत्काल कोई नई बड़ी तेलुगु फिल्म भी रिलीज नहीं हो रही है।
जाने-माने निर्माता निर्देशक अनिल सुनकारा ने कहा, शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई है और सिनेमा हॉल के फिर से खुलने पर ही शूटिंग रफ्तार पकड़ सकती है। नई फिल्मों को रिलीज होने में थोड़ा समय लगेगा। आंध्र फिल्म एक्जीबिटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के एस प्रसाद ने कहा, राज्य सरकार को पहले बिजली के बकाये शुल्क को माफ करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने हाल में फिल्म जगत के सदस्यों के साथ बैठक में (बिजली शुल्क) माफ करने का वादा किया था, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
राज्य के 500 से ज्यादा सिनेमा घर लॉकडाउन के दौरान छह महीने का बिजली का बिल भर नहीं सके। हालांकि सरकार ने केवल न्यूनतम शुल्क लगाया। प्रत्येक थिएटर को न्यूनतम चार लाख रुपये महीने की दर से बिजली का बिल भरना है। एसोसिएशन के सचिव जी बाबू ने बताया कि यह राशि कुल 12 करोड़ रुपये होती है।


Download Android App
Download iOS App



