महाराष्ट्र विधान परिषद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को बीजेपी सदस्यों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाल में दिए गए एक बयान का विरोध करते हुए हंगामा किया। राहुल ने हाल ही में कहा था कि उनका नाम राहुल गांधी है ‘राहुल सावरकर’ नहीं। विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण यशवंत दारेकर ने राहुल गांधी के बयान को हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर का अपमान करार दिया और इस पर चर्चा की मांग की थी।
कांग्रेस नेता के ‘रेप इन इंडिया’ टिप्पणी पर भी बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई थी। बीजेपी ने इसको लेकर माफी मांगने की मांग की थी। लेकिन राहुल ने कहा था कि उनका नाम राहुल गांधी है ‘राहुल सावरकर’ नहीं। वह सच बोलने के लिए कभी माफी नहीं मांगेंगे। कांग्रेस नेता के बयान की निंदा करते हुए विपक्षी सदस्य आसन के समीप आ गए और हंगामा किया।
वे कांग्रेस नेता से माफी मांगने की मांग भी कर रहे थे। इन सदस्यों ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की भी मांग की। सभापति रामराजे निंबाल्कर ने हंगामा कर रहे सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने को कहा ताकि पूर्व विधायक शिवाजी राव दत्तारे पाटिल को श्रद्धांजलि दी जा सके।
श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन की कार्रवाई शुरू होने पर निंबाल्कर ने शिवसेना के सुभाष देसाई को विधान परिषद का नेता और दारेकर को विपक्ष का नेता नियुक्त किए जाने की घोषणा की।


Download Android App
Download iOS App



