उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) गणेश प्रसाद साहा ने कार्यभार संभालते ही बालू माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। शुक्रवार देर रात उन्होंने जिले की सीमाओं में नाकेबंदी कर करीब दो सौ से ज्यादा बालू लदे ओवरलोड ट्रकों को जब्त कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल ने शनिवार को बताया, ‘नवनियुक्त एसपी ने शुक्रवार देर रात अचानक सभी थानाध्यक्षों से जिले से बाहर जाने वाले सड़क मार्गों की नाकेबंदी कर ओवरलोड बालू भरे ट्रकों की जांच का आदेश दिया।
इस दौरान परिवहन और खनिज विभाग के आला अधिकारियों का भी सहयोग लिया गया और विभिन्न मार्गों में करीब दो सौ से ज्यादा ओवरलोड ट्रकों को पकड़ कर सीज किया गया है।’
उन्होंने बताया कि बालू माफियाओं और ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ चलाया गया अभियान अनवरत जारी रहेगा। इस संबंध में जब जिलाधिकारी हीरालाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एसपी की कार्रवाई की उन्हें कोई जानकारी नहीं है, जनहित में ऐसे कदम उठाए जाने चाहिए। उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तिंदवारी विधायक बृजेश कुमार प्रजापति ने कुछ दिन पहले सरेआम मंच से जिलाधिकारी पर बालू माफियाओं से सांठ-गांठ कर कथित तौर पर बालू का अवैध खनन कराए जाने का आरोप मढ़ा था।


Download Android App
Download iOS App



