उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देहरादून में ‘उत्तराखंडियत स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ जारी करने के बाद एक वर्चुअल रैली में सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
वर्चुअल रैली में प्रियंका ने कहा कि देश भर में गन्ने का बकाया 14,000 करोड़ रुपए है। प्रधानमंत्री ने 16,000 करोड़ रुपए में अपने लिए 2 हेलिकॉप्टर खरीदे। हेलिकॉप्टरों की कीमत पर बकाया राशि का भुगतान किया जा सकता था। लेकिन उन्होंने क्या चुना? दो हेलिकॉप्टर।
बजट को लेकर केंद्र पर हमला
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2022 पर उन्होंने कहा कि आपने बजट देखा। इसमें मध्यम वर्ग के लिए, गरीबों के लिए क्या था? कुछ भी नहीं। आज सुबह किसी ने मुझे बताया कि हीरे की कीमत कम हो गई है और दवाओं की कीमत बढ़ गई है। मैं आपसे पूछना चाहती हूं-आप अपनी आंखें कब खोलेंगे ?
उन्होंने कहा, इन्होंने डबल इंजन की सरकार का वादा किया लेकिन आज स्थिति ये बना दी है कि पेट्रोल-डीज़ल इतना महंगा है कि इनका ही इंजन ठप हो गया है। हमने अपने घोषणापत्र में लिखा है कि गैस की कीमत 500 रुपये के पार नहीं होगी, 4 लाख रोजगार दिलवाए जाएंगे, पर्यटन पुलिस एक अलग फोर्स बनेगी जिसमें और रोजगार पैदा किए जाएंगे, 40% सरकारी रोजगार में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रियंका ने उत्तराखंड से जोड़ा परिवार का नाता
कांग्रेस नेता ने कहा, आपको तय करना होगा कि चुनाव में विकास एक मुद्दा होना चाहिए। राजनीतिक दलों से पूछें कि जो धर्म और जाति की बात करने आते हैं, वे आपके विकास के लिए क्या कह रहे हैं? उनसे पूछें कि उन्होंने 5 साल में आपके लिए क्या किया। प्रियंका गांधी ने अपने परिवार का नाता देहरादून और उत्तराखंड से जोड़ते हुए कहा कि मेरे पिता, चाचा, मैं, मेरा भाई और मेरे बच्चे देहरादून में पढ़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



