चुनाव आयोग ने चुनाव को लेकर घोषणा कर दी है। ओडिशा के झारसुगुडा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव 10 मई को होगा, जबकि नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को इसकी घोषणा की है। तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की 29 जनवरी को हुई हत्या के बाद विधायक की सीट खाली हुई थी।

नामांकन भरने की आखिरी तारीख 20 अप्रैल
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 20 अप्रैल तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। कागजात की जांच अगले दिन (21 अप्रैल) को की जाएगी। उम्मीदवार 24 अप्रैल तक अपना नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 मई तक पूरी कर ली जाएगी।
मैदान में किन उम्मीदवार को उतारा रही है पार्टियां
बीजद, दिवंगत नेता नबा दास की बेटी दीपाली को मैदान में उतार सकती है, जबकि भाजपा अपने युवा नेता तंकाधर त्रिपाठी को नामित कर सकती है। दीपाली और त्रिपाठी दोनों ने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सरत पटनायक ने कहा कि उन्होंने उपयुक्त उम्मीदवार का चयन करने के लिए वरिष्ठ नेता और विधायक संतोष सिंह सलूजा के नेतृत्व में एक समिति बनाई है।
मंत्री दास की हत्या के बाद हो रहे है उपचुनाव
गौरतलब है कि 29 जनवरी को पुलिस एएसआई गोपाल दास (अब बर्खास्त) ने मंत्री नाबा दास की हत्या कर दी थी। सिपाही ने मंत्री को बहुत करीब से गोली मारी थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अभी तक हत्या के पीछे के मकसद का पता नहीं चल पाया है।



Download Android App
Download iOS App



