बीजेपी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं। बंगाल में दो चरणों पर मतदान संपन्न हो चुका है। रविवार को तीसरे चरण के लिए प्रचार करने हुगली पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा, हुगली में आरामबाग खेती क्षेत्र है, पिछले 10 वर्षों में यहां के किसानों ने आत्महत्या की है लेकिन दीदी यहां किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं देना चाहतीं। दीदी की सहानुभूति किसानों के साथ नहीं है, उनकी सहानुभूति TMC के गुंडों के साथ है।
बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने का दावा करते हुए बीजेपी नेता ने कहा, 2 मई को जब चुनाव परिणाम आएंगे और बंगाल में बीजेपी सरकार बनने की घोषणा होते ही TMC के गुंडों की वही दुर्गति होगी जो उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार आने के पहले गुंडागर्दी करने वालों की हो गई।
मंदिर को अच्छा नहीं मानती दीदी
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ममता दीदी की रुचि विकास में नहीं है और न ही उनकी सहानुभूति यहां के किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ है। उनकी सहानुभूति केवल गुंडागर्दी करने वालों के साथ है। ममता दीदी पहले BJP का विरोध करती थी और अब वो राम के विरोध में भी हो गई हैं।
अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है लेकिन ममता दीदी को कष्ट बंगाल में हो रहा है। दीदी को बुरा लग रहा है..दीदी को इसलिए बुरा लग रहा क्योंकि वो मंदिर को अच्छा नहीं मानती। बता दें कि राज्य में 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में मतदान होना है। आठ चरणों में 27 मार्च, एक अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल मतदान करने की तारीख तय हुई है। वोटों की गिनती 2 मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



