पश्चिम बंगाल: हल्दिया में इंडियन ऑयल रिफाइनरी में लगी भीषण आग, 3 की मौत, 44 लोग घायल, CM ममता ने जताया दुख

Summary :

पश्चिम बंगाल के ईस्ट मिदनापुर में इंडियन ऑयल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स रिफाइनरी में भयंकर रुप से आग लग गई है।

पश्चिम बंगाल के ईस्ट मिदनापुर में इंडियन ऑयल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स रिफाइनरी में भयंकर रुप से आग लग गई है। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की आग में झुलसने की वजह से मौत हो गई है। हल्दिया नगर निगम के चेयरमैन ने कहा है कि आग की इस घटना में 44 लोग घायल हुए हैं। 

मुख्यमंत्री ममता ने मृतकों के परिवारजनों के साथ संवेदनाएं व्यक्त की 
आग की इस घटना पर सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री ममता ने ट्वीट कर कहा, “इंडियन ऑयल कोर्पोरेशन, हल्दिया में लगी आग की घटना से बेहद दुखी हूं। तीन कीमती जानें चली गई हैं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारजनों के साथ हैं। जो लोग घायल हुए हैं उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कोलकाता लाया गया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हों, इसके लिए पश्चिम बंगाल की सरकार सभी सहयोग देगी।” 
आईओसी ने जारी किया बयान- कहा- आग को बुझा दिया गया है  
‘इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन’ (आईओसी) ने एक बयान में कहा कि यह घटना रिफाइनरी की एक इकाई में ‘शटडाउन’ संबंधी कार्य के दौरान हुई। बयान में कहा गया कि आग लगने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 44 लोग घायल हुए। आईओसी के मुताबिक, आग को बुझा दिया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है। 
आपको बता दें कि जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 44 घायलों में से 37 को कोलकाता के एक अस्पताल के लिए रेफर किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि सात अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Desk Team