बंगाल में भीतरी-बाहरी का खतरनाक, मुख्यमंत्री को आग से नहीं खेलना चाहिए : राज्यपाल धनखड़

Summary :

राज्यपाल धनखड़ ने कहा, ‘संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। लोगों की रक्षा करना मेरा दायित्व है। ममता सरकार को संविधान का पालन करना ही होगा। बंगाल में जो हो रहा है, ठीक नहीं हो रहा है।’

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आज राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने इस दौरान बंगाल पुलिस और राज्य की टीएमसी सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, बंगाल में कानून व्यवस्था बेहद खराब है। 
राज्यपाल धनखड़ ने कहा, ‘संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। लोगों की रक्षा करना मेरा दायित्व है। ममता सरकार को संविधान का पालन करना ही होगा। बंगाल में जो हो रहा है, ठीक नहीं हो रहा है। कल का हमला लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है। बंगाल में संविधान की मर्यादाएं टूट रही हैं। कल की घटना के लिए ममता बनर्जी को माफी मांगनी होगी।’

JP नड्डा पर हुए हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह करने जा रहे हैं 2 दिवसीय बंगाल दौरा

राज्यपाल ने ममता बनर्जी से सवाल किया कि राज्य में कौन बाहरी है, उनका इससे क्या मतलब है? क्या भारतीय नागरिक भी बाहरी हैं, ममता को इस तरह बयान नहीं देने चाहिए, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आग से नहीं खेलना चाहिए। राज्यपाल ने कहा, पश्चिम बंगाल में भीतरी, बाहरी का खतरनाक खेल चल रहा है।
जेपी नड्डा पर हुए हमले की निंदा करते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘कल हुई घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, वे हमारे लोकतांत्रिक ताने-बाने पर एक धब्बा हैं। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को शर्मिंदा किया। संविधान की आत्मा का ध्यान रखें। अगर आप इस रास्ते से भटकती हैं, तब मेरे दायित्व की शुरुआत होती है। कल की घटना को लेकर मैंने राज्य के डीजीपी, चीफ सेक्रेटरी को तलब किया। चीफ सेक्रेटरी ने मुझे बताया था कि उन्होंने राजनीतिक दौरे को लेकर डीजीपी को अलर्ट किया है।’

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और DGP को 14 दिसंबर को किया तलब

जेपी नड्डा के काफिले पर उत्तर 24 परगना जिले में हुए हमले के विरोध में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों और जिलों में गुरुवार को प्रदर्शन किया। जादवपुर थाना के पास एससी मलिक रोड, एसप्लानेड इलाके, केष्टोपुर और चिंगरीघाटा में प्रदर्शन किया गया। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने राज्य में ‘‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’’ की स्थिति के खिलाफ नारेबाजी की। 

Desk Team