पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को लोगों को नववर्ष की बधाई दी और उनके लिए नया सवेरा एवं खुशहाली की कामना की जबकि राज्य भर में लोगों ने हर्षोल्लास से नये साल का जश्न मनाया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘नववर्ष सभी के लिए नयी आशा, नया सवेरा और खुशहाली लाएं। नववर्ष मंगलमय हो।’’
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘ हम सभी निश्चय करें कि 2020 में हम संविधान के अनुच्छेद 51 के तहत मौलिक कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित करेंगे और उनका पालन करेंगे। इनके पालन से हमारे समाज पर बहुत बड़ा असर पड़ेगा । विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थी इन पर दृष्टिपात कर प्रेरणा पायेंगे।’’
वर्ष 2020 के पहले दिन पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रम, पिकनिक सामाजिक समारोह आदि आयोजित किये गये। बड़े पर्यटक केंद्रों पर सुबह से अच्छी खासी भीड़ नजर आयी। शहर में अलीपुर वन्यप्राणि उद्यान, बोटनिकल गार्डन और अन्य रोचक स्थानों पर बहुत सारे लोग कतारों में दिखे। इन स्थानों को विशेष रूप से सजाया गया था।
रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय दक्षिणेश्वर के बेलूर मठ में कल्पतरू उत्सव के मौके पर हजारों लोग पहुंचे थे। श्री रामकृष्ण परमहंस के परमानंद की प्राप्ति की याद में यह वार्षिक कार्यक्रम मनाया जाता है। कालीघाट, तारापीठ और कंकलीताला मंदिरों में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ नजर आयी। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए शहर और उसके आसपास चौकसी बढ़ा दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



