पश्चिम बंगाल सरकार स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को आयोजित की जाने वाली रैली को कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण संभवत: रद्द करेगी और यहां रेड रोड पर गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भी कटौती की जाएगी। राज्य सचिवालय के एक सूत्र ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्र ने बताया कि मुख्य सचिव एच के द्विवेदी और गृह सचिव बी पी गोपालिका समेत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के दौरान शुक्रवार देर रात इन संभावित कदमों को लेकर चर्चा हुई। उसने कहा, ‘‘नेताजी की जयंती और गणतंत्र दिवस को भव्य तरीके से मनाने के लिए हालात अनुकूल नहीं हैं, क्योंकि कोविड संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं और बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र होने की अनुमति नहीं दी जा सकती।’’
सूत्र ने कहा, ‘‘23 जनवरी को रेड रोड से श्यामबाजार तक आयोजित होने वाली रैली को रद्द किए जाने की संभावना है…गणतंत्र दिवस कार्यक्रम भी केवल 30 मिनट तक सीमित किया जा सकता है।’’ बहरहाल, इस संबंध में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को करेंगी। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोविड-19 के 22,645 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,63,697 हो गई। इसके अलावा 28 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 20,013 हो गई।


Download Android App
Download iOS App



