पश्चिम बंगाल के उत्तरी क्षेत्र में बाहर से पत्थर फेंके जाने के कारण हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के दो डिब्बों की खिड़कियों के शीशे मंगलवार को क्षतिग्रस्त हो गये। यहां रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
न्यू जलपाईगुड़ी से डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सोमवार को इसी तरह की घटना का सामना करना पड़ा, जब पथराव के कारण एक कोच के दरवाजे पर लगे कांच में दरार आ गयी।
एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंचने से पहले वंदे भारत एक्सप्रेस के दो डिब्बों की एक-एक खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
अधिकारी ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है, वहीं ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है।
हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का उद्घाटन 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से किया था और एक जनवरी को इसकी वाणिज्यिक सेवाएं शुरू हुईं।


Download Android App
Download iOS App



