भदोही पुलिस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ व्हाट्सऐप ग्रुप में अभद्र टिप्पणी करने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ व्हाट्सऐप ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर रविवार को बड़ा एक्शन हुआ है। भदोही पुलिस ने ग्रुप एडमिन को गिरफ्तार कर लिया और पोस्ट करनेवाले की तलाश में जुट गई है। व्हाट्सऐप ग्रुप एडमिन की पहचान शहाबुद्दीन अंसारी के तौर पर हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारतीय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भदोही नगर पालिका नामक एक ग्रुप में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था।
अभद्र टिप्पणी पोस्ट करनेवाले आरोपी का नाम मुस्लिम अंसारी
पुलिस से चार अगस्त को ट्विटर पर शिकायत की गई थी। ट्विटर में बताया गया था कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। शिकायत का संज्ञान लेकर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। जांच में पता चला कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पोस्ट करने वाले आरोपी का नाम मुस्लिम अंसारी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि शहाबुद्दीन अंसारी ने मुस्लिम अंसारी को व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा था। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर शहाबुद्दीन अंसारी और मुस्लिम अंसारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शहाबुद्दीन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस पोस्ट करनेवाले मुस्लिम को तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुस्लिम अंसारी के संभावित ठिकानों पर जगह-जगह दबिश दे रही है। आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा।
अराजक तत्वों की लगातार निगरानी कर रही पुलिस
बता दें कि भदोही पुलिस सोशल मीडिया टीम के जरिए समाज में शांति भंग करने वाले अराजक तत्वों की लगातार निगरानी करती है। व्हाट्सऐप ग्रुप में संवैधानिक पद पर बैठे योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने पर पुलिस सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है। अपमानजनक टिप्पणी का ‘स्क्रीनशॉट’ मिलने के बाद पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



