केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि वह महाराष्ट्र के परभणी में राष्ट्रीय राजमार्ग के घटिया निर्माण के संबंध में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सदस्य फौजिया खान की शिकायत पर गौर करेंगे।
सरकारी कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के लिए काफी गुंजाइश छोड़ दी
फौजिया खान ने प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवाल करते हुए परभणी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 752 के की घटिया गुणवत्ता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हमेशा गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए किया गया है। लेकिन कई जगहों पर देखा गया है कि ठेकेदारों और सरकारी कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के लिए काफी गुंजाइश छोड़ दी है और निर्देशों का पालन नहीं किया गया है।
जनता के पैसे का दुरूपयोग होने की अनुमति कैसे दे सकते हैं
राकांपा सदस्य ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री को गंगाखेड़ से परभणी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 752के को लेकर शिकायत दी थी और वहां सड़क में दरारें बन गयी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि हर अधिकारी की मिलीभगत होती है… मैं सरकार को लिख रही हूं। मैंने माननीय (केंद्रीय) मंत्री को भी लिखा है। हम जनता के पैसे का इस तरह से दुरूपयोग होने की अनुमति कैसे दे सकते हैं।
राकांपा सदस्य पहले ही इस परियोजना के बारे में शिकायत कर चुकी
इस पर गडकरी ने कहा कि राज्य पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) राजमार्गों के लिए जिम्मेदार और कार्यकारी एजेंसी है। उन्होंने कहा कि राकांपा सदस्य पहले ही इस परियोजना की गुणवत्ता के बारे में शिकायत कर चुकी हैं। गडकरी ने कहा कि वह इस बारे में फिर से गौर करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



