कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने प्रदेशवासियों से कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए राज्यव्यापी लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है। कर्नाटक में कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि को रोकने के लिए सोमवार से 14 दिनों के लिए कड़ा लॉकडाउन लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ कोरोना संक्रमण के प्रसार की कड़ी को तोड़ने के लिए आज से 14 दिनों के लिए कड़े प्रतिबंध लागू किए जा रहे हैं। मैं राज्य के सभी नागरिकों से लॉकडाउन के नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध करता हूं। वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आपका सहयोग काफी अहम है। हम साथ मिलकर इस महामारी को हरा सकते हैं।’’
राज्य में कड़े प्रतिबंधों के बीच कई जगह पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस की ओर से जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और बिना किसी जायज कारण के घर से बाहर निकलने वाले लोगों के साथ सख्ती बरती जा रही है। इस दौरान कुछ लोगों का आरोप है कि दवाइयां और आवश्यक वस्तुएं खरीदने गए लोगों को भी पुलिस ने पीटा।
पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को लगता है कि लोगों के आवागमन को रोककर ही कोविड-19 को फैलने से रोका जा सकता है। कुमारस्वामी ने लॉकडाउन के दौरान आम लोगों पर पुलिस की ओर से की जा रही कथित ज्यादती को लेकर राज्य सरकार हमला बोलते हुए कहा कि आवश्यक कार्यों से घर से बाहर जा रहे लोगों को जानवरों की तरह पीटा जा रहा है।
गौरतलब है कि कर्नाटक में प्रतिदिन कोविड-19 के करीब 50 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। राज्य में इस महामारी के कारण अब तक करीब 19 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



