बाजपुर : गैर समुदाय के युवक द्वारा आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। इसकी खबर जब ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने आरोपित को दबोच लिया और जमकर कूटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मामले की सूचना से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
दोराहा पुलिस चौकी के अंतर्गत स्थित एक गांव निवासी लगभग आठ वर्षीय बच्ची गांव में ही स्थित विद्यालय में कक्षा-तीन में पढ़ती है। सोमवार को वह स्कूल से छुट्टी के बाद बैग रखकर घर के नजदीक ही बाहर खेलने आ गई। आरोप है कि इसी बीच गांव में अपनी रिश्तेदारी में रह रहे, एक युवक ने बच्ची को अमरूद खिलाने व पैसे देने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ गांव के कुछ दूर स्थित गन्ने के खेत में ले गया।
अभी वह बच्ची के साथ कुछ कर पाता, उसके पहले बच्ची ने हिम्मत कर युवक के चंगुल से निकलकर घर की ओर दौड़ पड़ी। वहीं नजदीक ही खेत में लगी मोटर पर स्नान कर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो वे तत्काल मौके पर पहुंच गए और आरोपित युवक को दबोच लिया। इसी बीच ग्रामीणों ने आरोपित की पिटाई लगा दी। इधर, सूचना मिलने पर दोराहा चौकी प्रभारी अनिल जोशी मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आवश्यक पूछताछ की गई।


Download Android App
Download iOS App



