पंजाब में तरन तारन जिले के पंडोरी गांव में एक खेत में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि विस्फोट बुधवार शाम हुआ। अभी यह पता लगाया जाना है कि विस्फोट किस तरह हुआ। पुलिस महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) एसपीएस परमार ने कहा, ‘‘विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।’’
घटना की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम बुलाई गई है। परमार ने कहा, ‘‘एनआईए के दो-तीन विशेषज्ञों की एक टीम पंडोरी गांव पहुंच चुकी है और वह घटना की जांच कर रही है।’’ पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विस्फोट किस तरह की सामग्री में हुआ।

परमार ने कहा, ‘‘घटना का कोई चश्मदीद नहीं है। इसलिए यह जानना मुश्किल है कि यह किस तरह हुआ।’’ उन्होंने कहा कि घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की सर्जरी की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



