देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इसी बीच पंजाब में मंगलवार को यानी आज कोरोना (कोविड-19) संक्रमण के 20 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 99 पहुंच गया है। इन नए मामलों में तीन लोग तबलीग जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 65 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर की मृत्यु के बाद मृतक संख्या में भी इजाफा हुई। मोहाली में सात नए मामले मिलने के साथ संक्रमित लोगो की कुल संख्या 26 पहुंच गई है जो राज्य में सबसे अधिक है। उसके बाद नवांशहर 19 मामलों के साथ सूची में दूसरे स्थान पर है।
राज्य में पठानकोट में छह, मोगा में चार, मानसा में दो और अमृतसर में एक नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अबतक अमृतसर में 10, होशियारपुर और पठानकोट में सात-सात, जालंधर और लुधियाना में छह-छह, मानसा में पांच, मोगा में चार, रूपनगर में तीन, फतेहगढ़ साहिब में दो, पटियाला और फरीदकोट में एक-एक मामले दर्ज हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पठानकोट में 75 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस संक्रमण से पांच अप्रैल को मौत हो गई। उसके परिवार को छह सदस्यों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य में अब तक 14 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। राज्य में अब तक 2,559 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 2,204 नमूनों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और 256 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्रतीक्षित है।


Download Android App
Download iOS App



