नयी दिल्ली : दक्षेस विकास कोष (एसडीएफ) ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए मंगलवार को आठों सदस्य देशों के लिए 50 लाख डॉलर (करीब 38 करोड़ रुपये) जारी किए हैं। कोरोना वायरस संक्रमण से वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्थाओं को झटका लगा है।
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (दक्षेस) में भारत पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, भूटान, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव शामिल हैं। एसडीएफ ने कहा कि यह राशि उसके सामाजिक विकास कार्यक्षेत्र के तहत जारी की जाएगी। एसडीएफ के सामाजिक विकास कार्यक्षेत्र के तहत मुख्य तौर पर गरीबी उन्मूलन, सामाजिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों की परियोजनाओं को पोषित किया जाता है।
एसडीएफ के मुख्य कार्यकारी सुनील मोतीवाल ने कहा कि इस 50 लाख डॉलर की राशि जारी करने का मकसद दक्षेस सदस्य देशों के लोगों की रक्षा करने के प्रयासों को वित्तीय सहायता देना है। इन देशों के लोग कोरोना वायरस के सामाजिक-अर्थिक प्रभावों से जूझ रहे हैं। एसडीएफ वर्तमान में दक्षेस देशों में 90 परियोजनाओं पर काम कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



