AAP के छात्र संगठन की पंजाब यूनिवर्सिटी के चुनाव में जीत, आयुष खटकड़ बने अध्यक्ष

Summary :

पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) ने जीत हासिल की है।

पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) ने परचम लहराया है। सीवाईएसएस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आयुष खटकड़ ने 2712 वोट हासिल कर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के हरीश गुर्जर को 660 मतों से हराया है। सीवाईएसएस एक महीने पहले ही गठन हुआ है। 


पार्टी की छात्र इकाई की जीत पर AAP संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने आयुष खटकड़ को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आप’ के छात्र संगठन सीवाईएसएस को पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव में शानदार जीत मिली है। आयुष खटकड़ को प्रेसिडेंट बनने पर बहुत-बहुत बधाई! आज देश भर का युवा “आप” की ओर बड़ी उम्मीद से देख रहा है, बड़ी संख्या में जुड़ रहा है। “आप” युवाओं की पार्टी है। युवा ही भविष्य में देश की बागडोर संभालेंगे।


वहीं सीवाईएसएस की जीत पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी आयुष कटकर को बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, “युवा चाहें तो देश की तकदीर बदल सकते हैं। आज पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्रों ने इसे साबित कर दिया है। आम आदमी पार्टी के सीवाईएसएस के छात्रसंघ चुनाव में शानदार जीत ने भगत सिंह की सोच को और मजबूत किया है। आयुष खटकड़ और पूरी टीम को बधाई!

हरियाणा के जींद निवासी आयुष खटकड़ किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के हर्षदीप सिंह बाठ, महासचिव पद पर इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (इनसो) के प्रवेश बिश्नोई और संयुक्त सचिव के पद पर एनएसयूआई के मनीष बूरा विजेता रहे हैं।

Desk Team