गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के उपलक्ष्य में एयर इंडिया 31 अक्टूबर से सप्ताह में तीन बार मुंबई-अमृतसर-स्टैन्स्टेड (ब्रिटेन) मार्ग पर उड़ान सेवा शुरू करेगी। एयर इंडिया के महाप्रबंधक (विपणन एवं योजना) आर बाबू ने संवाददाताओं को यहां बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय उड़ान गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर पंजाब आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए अमृतसर को लंदन के स्टैन्स्टेड से जोड़ेगी।
उन्होंने बताया कि यह उड़ान सेवा सप्ताह में तीन बार सोमवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी तथा इस मार्ग पर 256 सीटों वाला बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरेगा। बाबू ने कहा, ‘‘विमान में स्वादिष्ट पंजाबी व्यंजन परोसे जाएंगे।’’ उन्होंने बताया कि एयर इंडिया 27 अक्टूबर से अमृतसर और पटना के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी तथा इस मार्ग पर 162 सीटों वाला विमान उड़ान भरेगा।
बिहार की राजधानी पटना स्थित गुरद्वारा पटना साहिब सिख समुदाय के लिए पवित्र स्थल है क्योंकि यह गुरु गोबिन्द सिंह का जन्मस्थान है। बाबू ने बताया कि एयरलाइन दिल्ली-अमृतसर-टोरंटो मार्ग पर सप्ताह में तीन बार से अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाकर अगले साल मार्च से इसे हर रोज कर देगी। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया अगले साल जुलाई से चंडीगढ़-बैंकाक उड़ान सेवा शुरू कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



