वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच चिकित्सा में काम आने वाली ऑक्सीजन की कमी को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि वह अन्य राज्यों से इसकी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दें। एक वक्तव्य के मुताबिक सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने यह कहा। मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस प्रबंधन के लिए केंद्रीय मदद के अगले हिस्से के रूप में 200 करोड़ रूपये की सहायता भी मांगी।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि पराली जलाने के कारण कोरोना वायरस संबंधी हालात और बिगड़ सकते हैं, जिसे देखते हुए सिंह ने केंद्र से किसानों के लिए आर्थिक मदद की मांग दोहराई। प्रधानमंत्री ने सिंह के अनुरोध पर गौर करने का वादा करने के साथ कहा कि राज्य सरकार को कोविड-19 जागरूकता प्रयासों को और मजबूत करना चाहिए तथा इसमें सामाजिक संस्थाओं आदि को और जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। वक्तव्य के मुताबिक उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब कोरोना वायरस संक्रमण की दर को पांच फीसदी से कम करने में और मृत्युदर को भी कम करने में सक्षम होगा।


Download Android App
Download iOS App



